कहानी और उपन्यास में दो अंतर

  • Post
Viewing 0 reply threads
  • उत्तर
      कहानी और उपन्यास में प्रमुख निम्नलिखित अंतर है 

      (1) कहानी जीवन-जगत् के किसी एक अंश के रहस्य का ही उद्घाटन करती है। जीवन को पूर्णता में देखने का प्रयास उसमें कभी नहीं पाया जा सकता यह कार्य उपन्यास का है।

      (2) कहानी और उपन्यास में ‘प्रभावान्विति’ संबंधी अंतर पाया जाता है। विषय के एकत्व के साथ कहानी में प्रभावों की एकता का होना भी बहुत आवश्यक है।

      प्रभावान्विति से तात्पर्य है- ‘वह शक्ति जिसके कारण विषय का एकत्व एकोन्मुख होकर पाठक की बुद्धि और हदय को स्पन्दित करे।’ उपन्यास में प्रभावान्विति प्रायः नहीं पाई जाती।

      उसमें जीवन के विविध क्षेत्रों की झाँकी देकर सारे रहस्यों और वस्तुस्थितियों से परिचित कराया जाता है।

      (3) कहानी में कथानक हो भी सकता है, और नहीं भी। उसमें कथा-साहित्य के विविध पक्षों में से किसी एक ही पक्ष के मार्मिक अंश को लेकर चलना होता है।

      यदि कहानी चरित्र को अपना लक्ष्य बनाती है तो उसके किसी एक पक्ष का रहस्योद्घाटन करती है। यदि वातावरण-प्रधान कहानी है तो उसमें किसी वातावरण विशेष को ही चित्रित किया जाता है।

      इस प्रकार ‘कहानी का प्रेरक कोई एक ही मार्मिक विचार होता है’ (हडसन)। इसके विपरीत उपन्यास में कथानक अनिवार्य रूप से रहता है।

      उसमें स्थानीय वातावरण का निर्माण, पात्रों के चरित्र का चित्रण और विकास, भावनाओं का घात-प्रतिघात, उनका संघर्ष-सभी कुछ उपस्थित रहता है; कहानी में नहीं। कहानीकार को अपनी दृष्टि किसी एक वस्तु पर केन्द्रित करनी पड़ती है।

      (4) उपन्यास में इतिवृत्तात्मक विवरण पर्याप्त मात्रा में होते हैं, कल्पना का व्यापक प्रसार भी हो सकता है, जबकि कहानी में इतिवृत्तात्मकता और अतिशय कल्पना के लिए स्थान नहीं होता। उसमें सर्वत्र व्यंजना-मूलक रसात्मकता को तथा सांकेतिकता को महत्त्व दिया जाता है।

      (5) चरित्र-चित्रण की दृष्टि से भी दोनों विधाओं में अंतर है। ‘कहानी में चरित्र का उद्घाटन किया जाता है, जबकि उपन्यास में चरित्र को विकसित किया जाता है, यही कारण है कि कहानी में चरित्र-चित्रण की अभिनयात्मक शैली और उपन्यास में विश्लेषणात्मक शैली अपनाई जाती है।

      संक्षेप में, “कहानी में चरित्र की झलक रहती है और उपन्यास में उसकी झाँकी।”

Viewing 0 reply threads
  • You must be logged in to reply to this topic.